
जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी:उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) द्वारा राज्य में विज्ञान के लोकव्यापीकरण एवं सीमांत जनपदों के वैज्ञानिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित चतुर्थ सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव के लिए उत्तरकाशी जिले से चयनित 40 बाल वैज्ञानिकों की टीम गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुई।यह दो दिवसीय राज्य स्तरीय आयोजन 15-16 अक्टूबर को पीएम नवोदय विद्यालय, बणसू, गुप्तकाशी में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के सीमांत जनपदों — उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चंपावत — से चयनित छात्र-छात्राएं विज्ञान आधारित गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है।उत्तरकाशी से प्रतिभागी टीम का चयन जिले में आयोजित सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव 2025 के दौरान पीएम राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में हुआ। चयनित छात्र-छात्राएं विज्ञान मॉडल, विज्ञान ड्रामा, क्विज, विज्ञान कविता पाठ एवं साइंस पोएम जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।टीम के जिला समन्वयक लोकेन्द्र सिंह परमार के नेतृत्व में छात्र-छात्राएं गुप्तकाशी के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी उत्तरकाशी के दूरस्थ ब्लॉकों — मोरी, नौगांव, चिन्यालीसौड़, डुंडा और भटवाड़ी — से चयनित हुए हैं।मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, तथा विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारियों ने टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही डायट बड़कोट के प्राचार्य संजीव जोशी, शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष अतोल सिंह महर एवं मंत्री बलवंत असवाल, और विभिन्न ब्लॉक समन्वयकों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।टीम के साथ शामिल शिक्षकों में विज्ञान गाइड प्रकाश भंडारी, डॉ. शंभू नौटियाल, सुरक्षा रावत, गंभीर राणा, कल्पना असवाल, एवं पूनम रावत शामिल हैं, जो छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर उन्हें प्रशिक्षित करेंगे।






