जौनपुर में शौचालय निर्माण रोके जाने पर पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के बिरहदपुर गांव निवासी पप्पू प्रजापति ने अपने ही जमीन पर निर्माण कार्य रोके जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि वह अपने निजी भूखंड पर शौचालय का निर्माण करा रहे थे, जिसे विपक्षियों द्वारा जबरन रुकवा दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरहदपुर गांव निवासी पप्पू प्रजापति (पुत्र स्व. मखई प्रजापति) का आरोप है कि गांव के ही सुजीत प्रजापति (पुत्र बाल गोविंद प्रजापति), प्रमोद प्रजापति (पुत्र लालमन प्रजापति) तथा नगीना पत्नी सुजीत प्रजापति निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि संबंधित भूमि उनकी निजी संपत्ति है और उसी पर वह शौचालय का निर्माण कर रहे थे। पप्पू प्रजापति के मुताबिक, विपक्षी पक्ष न केवल निर्माण कार्य रोक रहा है बल्कि विवाद और झगड़े के लिए भी तैयार रहता है। उनका आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी निर्माण कार्य रुकवा दिया। पीड़ित का कहना है कि डायल 112 की टीम के पहुंचने के बाद काम बंद करा दिया गया। पीड़ित ने बताया कि वह लाइन बाजार थाने पर तीन बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि भूमि पर किसी अन्य का वैधानिक दावा सिद्ध होता है तो वह देने को तैयार हैं, लेकिन अपनी ही जमीन पर निर्माण कार्य रोकना अन्याय है।
थक-हारकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच कराते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। मामला दो पक्षों के बीच भूमि विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






