उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

घूस लेते मत्स्य पालन अधिकारी को विजिलेंस ने दबोचा

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले में बृहस्पतिवार को विकास भवन में उस समय हड़कम्प मच गया जब एंटी करप्शन टीम ने जिला मत्स्य पालन विकास अभिकरण अधिकारी विकास कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।बता दें कि गुरुवार को विकास भवन कार्यालय में विकास कुमार अपने ऑफिस में थे कि तभी विजिलेंस टीम प्रयागराज ने छापा मार दिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने मत्स्य पालन विकास अभिकरण अधिकारी विकास कुमार को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद विकास भवन कार्यालय से लेकर परिसर तक हड़कम्प मच गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रंगेहाथों पकड़े जाने के बाद टीम ने उन्हें साथ चलने को कहा। अधिकारी ने आनाकानी की तो टीम के सदस्यों ने उन्हें कुर्सी से टांगकर उठाया और खींचते हुए बाहर ले गए। मिली जानकारी के अनुसार अधिकारी फाइल पास करने के नाम पर रिश्वत मांग रहे थे। जिसकी शिकायत विजिलेंस टीम प्रयागराज से की गई थी। वहां कहा गया कि पैसे लेकर जाओ, जैसे ही वह लेगा, हम पकड़ लेंगे। फिर क्या था विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और उस जाल में अधिकारी फंस गए और रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गये। टीम शिकायतकर्ता के साथ आई थी। कार्यालय में मत्स्य पालन विकास अभिकरण अधिकारी ने जैसे ही शिकायतकर्ता से पैसे लिए। टीम ने कार्यालय में घुसकर उन्हें दबोच लिया। विजिलेंस टीम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरोपी मत्स्य पालन अधिकारी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई करने हेतु प्रयागराज चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button