पीलीभीत के न्यूरिया क्षेत्र में बाघ के हमले से महिला की मृत्यु, दो घायल

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत : जनपद के न्यूरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मडरिया बिथरा एवं सैजनिया में गुरुवार को बाघ के हमले की तीन अलग-अलग घटनाओं में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रशासन व वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया तथा पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मडरिया बिथरा निवासी 45 वर्षीय कृष्णा देवी खेत में कार्य कर रही थीं, तभी गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। उक्त घटना की सूचना पर बरखेड़ा विधायक श्री स्वामी प्रवक्तानंद, जिलाधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक यादव, अपर पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम दहिया व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक ने मृतका के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी तथा राज्य आपदा राहत कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दिलाने की घोषणा की।
इसके अतिरिक्त ग्राम सैजनिया निवासी मीनादेवी तथा मडरिया निवासी किशोर नीलेश पर भी बाघ द्वारा हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। विधायक ने जिला अस्पताल पहुंचकर मुख्य चिकित्साधिकारी से भेंट कर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन व वन विभाग द्वारा क्षेत्र में 200 सदस्यीय सर्च टीम गठित कर दी गई है, जिसमें ट्रेंकुलाइज़ेशन टीम, ड्रोन व ट्रैप कैमरे, तथा उत्तराखंड व बरेली से विशेषज्ञ दल शामिल किए गए हैं। बाघ को पकड़ने की कार्रवाई युद्धस्तर पर जारी है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।






