रेलवे क्रासिंग पार करते समय ट्रेन से टकरा कर युवक की मौत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : बरसठी थाना क्षेत्र के सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय गौतम (26 वर्ष) पुत्र उमाशंकर गौतम निवासी बरसठी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अजय गौतम अपनी मोटरसाइकिल से सुखलालगंज क्रॉसिंग पार कर रहे थे, तभी जौनपुर से इलाहाबाद की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे फाटक पार करते समय ट्रेन की गति का अनुमान नहीं लगा सका और हादसा हो गया। घटना की सूचना पाकर बरसठी थाना प्रभारी राजेश यादव तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी। इस दर्दनाक हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






