कमिश्नर के सामने भिड़े विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक ठुकराल

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में एसआईआर को लेकर आयोजित सर्वदलीय बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब भाजपा और कांग्रेस नेता आमने-सामने आ गए। बैठक कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जिलाधिकारी समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।
बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद एसआईआर प्रक्रिया को लेकर नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और विधायक शिव अरोड़ा भी आमने-सामने आ गए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ठुकराल ने कमिश्नर के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि एसआईआर एक निर्धारित प्रक्रिया है, जिसके तहत अवैध वोटों को हटाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर एक वर्ग विशेष के वोट काटे जाने का आरोप लगाकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने मामले में चुनाव आयोग से स्पष्ट कार्रवाई की मांग की।

हंगामे के बाद विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल समेत भाजपा के कई नेता कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, वे शांत नहीं बैठेंगे। बाद में अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कमिश्नर के सामने अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर माहौल खराब किया। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले में कार्रवाई की मांग की है।






