कौशांबी में बाग में मिली बागवान की लाश, परिजनों ने जताया हत्या का शक

कौशांबी से संवाददाता आकाश मिश्र
जन एक्सप्रेस /कौशांबी :- कौशांबी जिले में बागवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बाग में रखवाली करने वाले युवक का शव सुबह बाग में ही पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के असदुल्लाहपुर रोही गांव का है। गांव निवासी प्रदुम सोनकर बैर और अमरूद के बाग की रखवाली करते थे। बताया जा रहा है कि सुबह एक महिला अपने खेत की तरफ जा रही थी, तभी उसकी नजर बाग में पड़े प्रदुम के शव पर पड़ी। महिला ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






