गंगा में हरिद्वार व नरौरा से 2.02 लाख क्यूसेक से छोड़ा गया पानी,राजघाट गंगा नदी खतरे से 16 सेमी नीचे

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- सोमवार की सुबह गंगा नदी में हरिद्वार से 78,987 क्यूसेक तथा नरौरा से 1,22,848 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की खबर है। दोनों स्थानों से गंगा में छोड़े गए पानी की कुल मात्रा 2,01,835 क्यूसेक है। वहीं पीलीभीत से गर्रा नदी में 564 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है।हरदोई में पिछले 24 घंटे में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। गंगा नदी के राजघाट पर जलस्तर 125.650 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का निशान 125.810 मीटर है। इस तरह राजघाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है।

लगातार नदियों के जलस्तर और विभिन्न स्रोतों से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में तहसील प्रशासन निगरानी बनाये हुए है।गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से श्रीमऊ-कुसुमखोर मार्ग से कड़रिया सम्पर्क मार्ग पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है।जबकि जीवन पुरवा से चियासर मार्ग पर लगभग एक फिट से ऊपर बाढ़ का पानी बहने लगा है।सांडी विकास खण्ड के खिम्मा पुरवा प्राथमिक स्कूल में पानी भर जाने से उसे तत्काल प्रभाव से बंद कराते हुए समीपवर्ती स्कूल देवकली में बच्चों को शिफ्ट किया गया है।वहीं सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत उपकेंद्र पलिया के खद्दीपुर फीडर के 70 गांवों की बिजली आपूर्ति रोक दी गयी है।गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बृद्धि के चलते सोमवार को नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने चियासर व कुसुमखोर घाटों का निरीक्षण किया उन्होंने तटवर्ती गांवों के लोगो को नदी के किनारे जाने व चिन्हित स्थानों के अलावा अलग हटकर गंगा स्नान न करने की अपील की है।तथा तहसीलदार विनोद कुमार व नायब तहसीलदार क्षेत्र के संभावित बाढ़ इलाके का लगातार दौरा कर रहे हैं।






