utrakhandउत्तरकाशी

गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, सोनगाड के पास ब्रेक फेल होने से टेंपो ट्रेवलर पलटा, 17 यात्री सुरक्षित

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-  गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। DCR से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK-14 PA 5006 टेंपो ट्रेवलर का पहाड़ी ढलान पर अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद वाहन सड़क पर ही पलट गया।

बताया गया कि टेंपो ट्रेवलर में गुजरात के 17 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया

घटना की सूचना के बाद राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की गई। हल्की चोट लगने वाले यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए लाया जा रहा है।

ब्रेक फेल होना बताया जा रहा हादसे का कारण

प्रथम दृष्टया हादसे का कारण पहाड़ी ढलान पर टेंपो ट्रेवलर का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। प्रशासन की ओर से यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात और पहाड़ी मार्गों की चुनौती को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जाती है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button