
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- उत्तरकाशी तिलौथ में निर्माणाधीन MRF सेंटर की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लगभग 60 लाख रुपये की लागत से कराए गए साइट डेवलपमेंट कार्य की सुरक्षा दीवार पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके बाद नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट के सभासद एवं स्वच्छता समिति सदस्य अमरीकन पुरी ने परियोजना की तकनीकी सुरक्षा को लेकर मोर्चा खोल दिया है। पुरी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर शहरी विकास विभाग उत्तराखंड को ईमेल भेजकर तत्काल निर्माण रोककर स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दीवार की नींव, निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी और मिट्टी की मजबूती का परीक्षण जरूरी है।
पुरी ने स्पष्ट किया कि वे MRF का विरोध नहीं कर रहे हैं बल्कि सुरक्षित MRF की मांग कर रहे हैं। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे MRF प्लांट में सरकारी धन लगा है, ऐसे में जिस स्थल पर प्लांट खड़ा हो रहा है उसकी संरचनात्मक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित सभासद होने के नाते सार्वजनिक धन की गुणवत्ता पर सवाल उठाना उनकी जिम्मेदारी है और स्वच्छता समिति सदस्य के रूप में यह विषय उनके लिए और भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोका जाए और स्थल को यथास्थिति में रखा जाए ताकि साक्ष्य प्रभावित न हों।
अमरीकन पुरी ने चेतावनी दी है कि यदि 23 अगस्त 2026 तक निर्माण रोकने का लिखित आदेश जारी नहीं हुआ तो वे नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे और धरना स्थगन आदेश तक जारी रहेगा। उन्होंने अन्य सभासदों से भी 23 अगस्त को सुबह 11 बजे नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर समर्थन की अपील की है। उनका कहना है कि करोड़ों की परियोजना में बाद में बड़ी दुर्घटना होने से बेहतर है कि अभी जांच कर स्थिति स्पष्ट कर ली जाए।






