पिछड़े या विकास से दूर क्षेत्रों में खास फोकस किया जाये : लोकेन्द्र प्रताप सिंह
जिला पंचायत निर्धारित स्थल पर ही अपने बैरियर लगाकर वसूली करे

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम मीटिंग हाल में उत्तर प्रदेश विधानसभा की पंचायती राज समिति की उप समिति के अध्ययन के साथ ही भ्रमण दल की समीक्षा बैठक में स्पीकर लोकेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता और पंचायतीराज समिति के सदस्य अनूप कुमार गुप्ता, देवेन्द्र कुमार निम, डॉ० मुकेश चन्द्र वर्मा, राम अचल राजभर, संजीव दिवाकर, सुरेन्द्र चौरसिया की मौजूदगी में हमीरपुर, महोबा के अधिकारियों के साथ सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान स्पीकर ने हमीरपुर, महोबा के अधिकारियों से वर्ष 2021 से अब तक जिला, क्षेत्र और ग्राम पंचायतों में राज्य सहित केंद्रीय वित्त आयोग से सभी मदों में मिले कुल बजट के सापेक्ष खर्च की गई रकम, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत निजी, सामुदायिक शौचालय, अन्नपूर्णा भवन संचालन, ग्राम पंचायत सचिवालय, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और उससे सृजित आय, कामन सर्विस सेंटर, ग्राम सचिवालय, अंत्येष्टि स्थल के बारे में विस्तार से जानकारी ली गयी। इस मौके पर समिति के निर्देश पर प्रभारी सीडीओ ने विकास कार्यों के बारे में बताया कि हमीरपुर में 232 अमृत सरोवर, 76 अन्नपूर्णा भवन, 116 खेल के मैदान, 46 अंत्येष्टि स्थल बनाए गये हैं। जबकि सभी 330 ग्राम पंचायतों में गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें 48000 गौवंश संरक्षित हैं। इसी तरह सीडीओ महोबा ने जानकारी दी, कि, 140 अमृत सरोवर, 40 खेल के मैदान, 37 आंगनवाड़ी केंद्र, 75 अन्नपूर्णा भवन, 10 अंत्येष्टि स्थल बनाए गये हैं। जबकि सभी 273 ग्राम पंचायतों में गौशालाएं संचालित हैं। वही ज़ीरो पावर्टी के बारे में सभापति ने निर्देश देते हुये कहा कि ये, मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी सोच है। इसके जरिये गरीब परिवारों को सरकार की योजनाओं से जोड़कर गरीबी से बाहर निकाला जाये।
इसके क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाय। जबकि अपराध कंट्रोल के बारे में स्पीकर ने कहा कि सावन शुरू होने वाले हैं कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के बेहतर इंतज़ाम किये जायें। वही स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि दोनों जिलों में आयुष्मान भारत योजना में शामिल परिवारों को शत प्रतिशत गोल्डन कार्ड बांट दिये जाये। जबकि समिति के सदस्य डॉ मुकेश चंद्र वर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े मुस्करा विकास खण्ड के गहरौली में नागेश्वर बाबा तालाब का सौंदर्यीकरण, खेल के मैदान का निर्माण, गांव से गौशाला तक पहुंचने के रास्ते का निर्माण प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही शिकायतों पर एक्शन लेते हुये बरसात में जानवरों का टीकाकरण, शासनादेश के मुताबिक मछुआ समुदाय के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी करने, सीएमओ आफिस में सरकारी बाबुओं की जगह बाहरी लोगों से काम लेने की आदत पर रोक लगाने को कहा, तहसील राठ के चिल्ली गांव में संचालित ऑर्गेनिक फार्म की रिपोर्ट देने के साथ ही जिला अस्पताल में हाल में हुई दुर्घटना की जांच कराने के निर्देश दिये। इस मौके पर सदस्य अनूप कुमार गुप्ता ने निर्देशित करते हुए कहा कि हमीरपुर और महोबा दोनों जिलों में ओवलोडिंग ट्रकों की बड़ी परेशानी है, जबकि इस पर लगाम लगाने की सख्त जरूरत है। इसलिये यातायात का संचालन नियम के मुताबिक ही किया जाय।
बैठक में स्पीकर ने हमीरपुर को सीएम डैशबोर्ड सहित आईजीआरएस के डिस्पोजल में उच्च रैंक आने पर हमीरपुर डीएम घनश्याम मीना की तारीफ की। साथ ही राज्य मार्गों पर जिला पंचायत की अवैध वसूली की शिकायत पर एक्शन लेते हुये कहा कि ये बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। इसलिये जिला पंचायत अपने निर्धारित स्थल पर ही बैरियर लगाकर वसूली करे। साथ ही कहा कि विकास के लिए जो पैसा मिले, उसे वख्त पर विकास कार्यों में खर्च किया जाय। दोनों जिलों में जो क्षेत्र पिछड़े हैं या विकास से दूर हैं उन पर खास फोकस किया जाये। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि नौकरी में आने का मौका बड़ी मुश्किल से मिलता है, इसलिये इसे पूरे मन से सेवाभाव से करें। हमारी पहचान हमारे कामों और व्यवहार से होनी चाहिये। हम और आप एक दूसरे के पूरक हैं, और हमारे लिये जनता का हित सबसे ऊपर है, इसलिये ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही माफ नहीं की जायगी।






