
पुरोला संवाददाता
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- मोरी क्षेत्र में विद्युत कटौती को लेकर नगर उद्योग व्यापार मंडल मोरी ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही बिजली आपूर्ति बाधित किए जाने की मांग की है। व्यापार मंडल का कहना है कि विद्युत विभाग की सुबह सात से नौ बजे तक बिजली कटौती का समय निर्धारित किया जाय तथा विभाग की ओर से जारी समय — सारणी के अनुसार कई बार निर्धारित समय से करीब एक से दो घंटे पहले ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे क्षेत्र के दूरस्थ क्षेत्रों से अपने आवश्यक कार्य हेतु जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि मोरी क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से ग्रामीण तहसील, बैंक, बाजार और अन्य सरकारी एवं निजी कार्यालयों में जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। अधिकांश कार्यालयों में कार्य करीब 10 बजे के बाद शुरू होता है। ऐसे में यदि सुबह से ही विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है तो ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्य निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों का पूरा दिन भी प्रभावित हो जाता है।
व्यापार मंडल ने मांग की कि सुबह सात से नौ बजे तक विद्युत कटौती का समय निर्धारित कर उसके बाद आपूर्ति सुचारु रखी जाए। साथ ही विभाग द्वारा जारी समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित समय से पहले बिजली कटौती न की जाए।
व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सारणी के विपरीत विद्युत कटौती जारी रही और जनता की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता को विद्युत विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन व आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल मोरी के अध्यक्ष ममतॆश सिंह, महामंत्री हिमांशु रावत, उपाध्यक्ष प्रमोद जैन , अनिल रावत, कोषाध्यक्ष शंकर भट्ट, गुमान सिंह पंवार ,राहुल चौहान , अनित डिमरी ,विजय कुलदीप राणा,हिमांशु रावत , राजीव चौहान , राजेश
आदि मौजूद रहे।






