
जन एक्सप्रेस /चमोल :- जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के रखरखाव और निगरानी प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सुरक्षा एवं निगरानी प्रणालियों का गहनता से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित एवं दुरुस्त रखी जाएं।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों और अलार्म सिस्टम की नियमित जांच एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी तकनीकी खराबी का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्टॉन्ग रूम में सुरक्षित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-04 बद्रीनाथ के ईवीएम-वीवीपैट का भी निरीक्षण किया तथा उनके सुरक्षित रखरखाव की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, कांग्रेस से मोहन लोहनी, भाजपा से अमित कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






