विकास कार्यों की खराब प्रगति पर हरपालपुर बीडीओ समेत तीन को नोटिस

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- विकास कार्यों की खराब प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में हरपालपुर, सण्डीला एवं भरखनी विकास खंडों की प्रगति सबसे खराब पाए जाने पर संबंधित खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और प्रगति में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वीबी-जी रामजी, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक से पूर्व सीडीओ ने फैमिली आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित विभागों से समन्वय कर लक्ष्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन, अपूर्ण कार्यों, जीआईएस मॉनिटरिंग एवं एनएमएमएस की प्रगति की समीक्षा के दौरान भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा एग्री-पॉन्ड, पोषण शेड, आंगनबाड़ी केंद्र, अन्नपूर्णा भवन, खेल मैदान, ड्रेन कवर, सोक पिट, तालाब निर्माण एवं जीर्णोद्धार तथा अमृत सरोवर समेत अन्य विकास कार्यों की स्थिति परखी गई। सीडीओ ने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को मिले 14,871 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष आवास प्लस पर उपलब्ध पात्र लाभार्थियों का चयन कर प्रस्ताव शीघ्र जिला स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इससे पात्र लाभार्थियों के खातों में आवास की धनराशि समय से भेजी जा सकेगी।
वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 2,338 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को प्रथम किश्त की धनराशि जारी करने के निर्देश दिए गए।
एनआरएलएम की समीक्षा में राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, ग्राम संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों को स्टार्टअप की धनराशि उपलब्ध कराने तथा रिवॉल्विंग फंड, सीआईएफ एवं सीसीएल की प्रगति पर चर्चा हुई। सीडीओ ने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ दिलाने पर जोर दिया।
समीक्षा में हरपालपुर, सण्डीला और भरखनी ब्लॉकों की खराब प्रगति सामने आने के बाद संबंधित बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुश्री संस्कृति त्रिवेदी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीडीओ कमलेश कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




