
जन एक्सप्रेस /अगस्त्यमुनि :- खेल विभाग के अधीन संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 9 और 10 सितंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रावासों में प्रवेश का अवसर देने के लिए खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि फुटबॉल, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। वहीं वॉलीबॉल, क्रिकेट और बैडमिंटन में केवल बालक वर्ग तथा हॉकी में केवल बालिका वर्ग के खिलाड़ी चयन ट्रायल में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया 9 सितंबर को सुबह सात बजे से शुरू होगी। ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों की आयु 16 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि पहुंचें।
खेल विभाग ने जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों से चयन ट्रायल में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। ट्रायल से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए कार्यदिवस में खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से संपर्क किया जा सकता है।






