पुरानी रंजिश में हुई जमकर मारपीट, अधिवक्ता समेत चार घायल, एक संदिग्ध आरोपी हिरासत में

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले के सांगीपुर थाना इलाके के बावरिया गांव में बुधवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। बुधवार शाम लगभग सात बजे मामूली कहासुनी के बाद बात बिगड़ गई और मामला मारपीट में बदल गया। जिसमें एक पक्ष से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अधिवक्ता रुद्र प्रताप पांडेय, अधिवक्ता बालकृष्ण पांडेय, अधिवक्ता अभिषेक पांडेय और उनके 68 वर्षीय पिता भानु प्रताप पांडेय का नाम शामिल है। सभी को लालगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां घायलों की हालत गम्भीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना है कि इसमें भाजपा विधायक उमेश द्विवेदी के रिश्तेदार भी शामिल हैं। पुलिस द्वारा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। सूचना मिलते ही सीओ लालगंज आशुतोष मिश्र व सांगीपुर एसओ मनीष त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। लालगंज ट्रामा सेंटर में घायलों के भर्ती होने की खबर मिलने पर शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश शुक्ल, अनिल त्रिपाठी महेश सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और जनप्रतिनिधि भी वहां पहुंचे। ट्रामा सेंटर पर अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। सीओ आशुतोष मिश्र ने बताया कि यह विवाद जमीन से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने पुष्टि की कि एक व्यक्ति हिरासत में है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सीओ ने यह भी बताया कि तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।






