उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगलखनऊ

लखनऊ में एक लाख के इनामी बदमाश का एनकाउंटर

गोमती नगर में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया

जन एक्सप्रेस लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक लाख के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी अनुभव शुक्ला उर्फ राजा के रूप में हुई है, जिस पर 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को घायल अवस्था में दबोच लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अनुभव शुक्ला हाल ही में लखनऊ में तीन बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहा था। अपराध की दुनिया में सक्रिय इस शातिर बदमाश पर लखीमपुर खीरी और लखनऊ समेत कई जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर गोमती नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था। इसी दौरान बाइक सवार अनुभव ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके से पकड़ा गया। पुलिस अब उससे लूट की अन्य घटनाओं और उसके गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button