
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- टिहरी मेडिकल कालेज सयुंक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल से सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वार्ता करेंगे। इसके लिए संघर्ष समिति के सदस्यों ने तैयारियां पूर्ण कर ली है रविवार को धरना स्थल पर आयोजित पत्रकार वार्ता में संघर्ष समिति के सदस्य महिपाल नेगी ने बताया कि बीते शुक्रवार भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत धरना स्थल पर पहुंचे और सीएम से मामले को लेकर वार्ता की जानकारी दी। इसके बाद विधायक किशोर उपाध्याय ने भी फोन पर समिति के पदाधिकारियों से वार्ता की और सीएम के साथ बैठक कराने की बात कही। संघर्ष समिति ने मांग की है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, टीएचडीसी के प्रतिनिधि और स्थानीय विधायक को भी शामिल किया जाए, ताकि मेडिकल कालेज को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मेडिकल कालेज को लेकर करीब तीन सप्ताह से आंदोलन चल रहा है।
पिफल्डी में खुलेंगे मेडिकल कालेज
करीब एक माह पूर्व नरेंद्रनगर विधायक व स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने गजा क्षेत्र के पिफल्डी में मेडिकल कालेज खोले जाने की बात सामने आने के बाद टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कालेज को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। इसके विरोध में टिहरी मेडिकल कालेज संघर्ष समिति ने आंदोलन शुरू किया। 31 जुलाई को समिति ने सुमन पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक विशाल रैली निकाली थी। इसके बाद एक से 15 अगस्त तक सुमन पार्क में जनजागरण अभियान चलाया गया। 16 अगस्त से गणेश चौक बौराड़ी में धरना शुरू किया गया। अब मुख्यमंत्री के साथ होने वाली वार्ता को आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि वार्ता में मेडिकल कालेज को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट होने की उम्मीद है। वार्ता के बाद मिले निर्णय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। रविवार को टिहरी बार एसोसिएशन ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर मेडिकल कालेज की मांग को समर्थन दिया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर रावत, उम्मेद सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, खेमराज सेमवाल, ज्योति प्रसाद भट्ट, प्रेम सिंह बिष्ट, अरविंद खरोला, किशन रावत, लक्ष्मी प्रसाद, चंद्रभान सिंह राणा, आनंद सिंह बेलवाल, कविता भट्ट, मुकेश कुमांई, दिनेश मियां सहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष डा़ राकेश भूषण गोदियाल, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, त्रिलोक रमोला, देवेंद्र नौडियाल, कुलदीप पंवार व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत आदि मौजूद रहे।






