डीसीएम-कार की भीषण टक्कर, लखनऊ एयरपोर्ट से लौट रहे चार लोग घायल, झपकी आने से हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

जन एक्सप्रेस/अमेठी: जायस कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। टांडा-बांदा राजमार्ग पर राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान के सामने एक डीसीएम और मारुति वैगनर कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डीसीएम चालक को झपकी आ गई थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनर कार पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूत्रों सेमिली जानकारी के अनुसार सभी घायल लखनऊ एयरपोर्ट से लौट रहे थे lघायलों की पहचान नसीराबाद थाना क्षेत्र के बहादुर पुर गांव निवासी सरताज, शीलू, एक महिला और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। सभी लोग अपने एक रिश्तेदार को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़कर वापस लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से रायबरेली जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।डीसीएम चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी l हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।






