कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित पेपर लीक की घटना को लेकर राजस्थान सरकार के खिलाफ एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मंगलवार को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। राजस्थान में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने है। अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ भाजपा जबरदस्त तरीके से हमलावर है। भाजपा राजस्थान में भ्रष्टाचार और पेपर लीक को बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस सरकार के दिन अब पूरे
भाजपा ने साफ तौर पर कहा है कि झूठे वादों से सत्ता प्राप्त करने वाली इस कांग्रेस सरकार के दिन अब पूरे होने वाले हैं। कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित सचिवालय महाघेराव कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भी शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि तख्त बदल दो ताज बदल दो, बेईमानों का राज बदल दो। इससे पहले दिन में, भाजपा सांसद किरोड़ी मीणा ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करेगी। एक जनसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग (डीओआईटी) में 5,000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है भाजपा का हल्लाबोल
आज भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर जयपुर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ सचिवालय के पास प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के पास एक जनसभा के बाद सचिवालय की ओर मार्च शुरू किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें स्टैच्यू सर्किल पर रोक लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, राज्यसभा सदस्य किरोड़ी मीणा समेत अन्य नेताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग के खिलाफ सांकेतिक धरना दिया।