कृषि वैज्ञानिक किसानों को देंगे जैविक खेती की नवीनतम तकनीकी जानकारी

कानपुर । किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक पांच मई की जगह छह मई को होगी। इस बैठक में कृषि वैज्ञानिक खेती-बाड़ी, उद्यान एवं पशुपालन से संबंधित नवीनतम तकनीकी जानकारी देंगे और जैविक खेती पर अधिक फोकस होगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशालय के सभागार में चंद्रशेखर कृषक समिति की बैठक प्रत्येक माह की 5 तारीख को संपन्न होती है। कृषक समिति के अध्यक्ष बाबू सिंह ने बताया कि 5 मई 2023 को गुरु पूर्णिमा का अवकाश होने के कारण उक्त समिति की बैठक 6 मई दिन शनिवार को प्रातः 11:00 बजे से प्रसार निदेशालय के लाल बहादुर शास्त्री कृषक सभागार में प्रारंभ होगी।
ज्ञातव्य हो कि इस समिति की बैठक में प्रदेश के कई जनपदों से प्रगतिशील किसान प्रत्येक माह की 5 तारीख को प्रतिभाग करते हैं, जिसमें विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को नवीनतम खेती-बाड़ी, उद्यान, सब्जी एवं पशुपालन की नवीनतम जानकारियां दी जाती हैं। विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार डॉ. आरके यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के अतिरिक्त मधु ऑर्गेनिक,सिस्टोग्रीन के अधिकारी कृषकों के बीच उपस्थित होकर जैविक कृषि की नवीनतम तकनीकियों के बारे में बताएंगे। जिससे किसान रसायनों का कम से कम प्रयोग कर जैविक खेती हेतु जागरूक हो।






