उर्स मेले में गईं तीन किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

जन एक्सप्रेस जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बाजार पुलिस चौकी अंतर्गत एक मोहल्ले से एक साथ तीन किशोरियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लापता हुई लड़कियों में एक की उम्र 14 वर्ष, दूसरी की 17 वर्ष और तीसरी की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम लगभग 5:00 बजे तीनों किशोरियां भूदरा शाह बाबा के उर्स मेले में मेला देखने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
परिजनों ने की खुद से तलाश, नहीं मिला सुराग
परिजनों ने काफी प्रयास कर तीनों को ढूंढने की कोशिश की। उन्होंने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों जैसे भंडारी जंक्शन, सिटी स्टेशन समेत अपने रिश्तेदारों के यहां भी लड़कियों की तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो गुरुवार को कोतवाली जाकर मामला दर्ज कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मिथिलेश कुमार मिश्रा ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए विवेचना का जिम्मा पुरानी बाजार चौकी प्रभारी गोविंद कुमार मौर्य को सौंप दिया और जल्द से जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम तीनों किशोरियों की तलाश में जुट गई है।क्षेत्र में दहशत, अफवाहों का बाजार गर्म
एक साथ तीन किशोरियों का लापता होना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पुरानी बाजार चौकी क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती दिखाई दे रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घरों में मातम सा माहौल है।
यह कोई साधारण मामला नहीं माना जा रहा है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।






