उत्तर प्रदेश

मछली बिक्री के लिए मछुआरों को विभाग दे रहा 50 फीसद अनुदान….

बदायूं: मत्स्य विभाग मछुआरों को कई सौगातें दे रहा है। अभी मछली पालन के साथ ही व्यापार करने के लिए सुविधा मुहैया कराई जा रही हैं। अब उन्हें शहर व कस्बों में आने-जाने के लिए बाइक व साइकिल खरीद के लिए अनुदान दिया जाएगा। लोग गांव और कस्बों में जाकर मछली बेचकर परिवार का पालन पोषण कर सकेंगे।
जिले में मछुआरों की हालत ठीक नहीं है। जनपद के गंगा क्षेत्र में मछुआरों की संख्या अधिक है। आर्थिक हालत खराब होने से तालाबों का पट्टा रसूखदार ले लेते हैं। मछुआरों को रसूखदारों के यहां मजदूरी करनी पड़ती है। मछुआरों को मछली बीज खरीदने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मछली को बिक्री के लिए बाजार ले जाने में भी दिक्कतें होती हैं। उनके सामने आइस बॉक्स की कमी भी खलती है। मछुआरों की इन समस्याओं को दूर करने के लिए शासन की ओर से ब्लू रिवोल्यूशन इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट मैनेजमेंट ऑफ फिशरीज योजना (नीली क्रांति) के तहत सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

मछुआरों को बाइक और साइकिल पर 50 प्रतिशत का अनुदान विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग द्वारा मछली की बिक्री करने के लिए आ रही समस्या को दूर करते हुए अनुदान पर मछुआरों को बाइक व साइकिल दी जा रही है। जिले में अब तक तीन लोगों को योजना का लाभ दिया जा चुका है।

आधा दर्जन से अधिक आवेदन लंबित हैं। इन पर विचार कर जल्द ही योजना का लाभ दिया जाएगा। जिन लोगों को योजना का लाभ मिला है। उनके द्वारा बाइक और आइस बॉक्स को खरीदा गया था। इसके बाद डीबीटी के माध्यम से अनुदान की राशि पात्रों के खाते में भेजी गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला मत्स्य पालन अधिकारी एके शुक्ला ने बताया कि ब्लू रिवोल्यूशन इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट मैनेजमेंट ऑफ फिशरीज योजना के तहत मछुआरों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। अभी तीन लोगों को बाइक का लाभ दिया गया है। आधा दर्जन से अधिक आवेदन लंबित हैं। उन्हें भी जल्द योजना का लाभ दे दिया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button