Entertainmentउत्तराखंडटिहरीदेहरादूननई टिहरी

नई टिहरी में 10 जुलाई से रिलीज होगी गढ़वाली फिल्म ‘मार्छा’, उत्तराखंडी संस्कृति और लोकभाषा को मिलेगा नया मंच

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी: उत्तराखंड की लोकभाषा, लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवन शैली को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाली गढ़वाली फीचर फिल्म ‘मार्छा’ अब नई टिहरी के दर्शकों के बीच पहुंचने जा रही है। एआरएस एंटरप्राइजेज़ के बैनर तले बनी यह फिल्म 10 जुलाई से त्रिहारी सिनेमा हॉल, नई टिहरी में प्रदर्शित होगी।

देहरादून में सफल प्रदर्शन और दर्शकों की सराहना के बाद अब फिल्म को नई टिहरी में रिलीज किया जा रहा है। फिल्म के निर्माता रोहित शर्मा हैं, जबकि निर्देशन शिवनारायण सिंह रावत ने किया है। फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर धीरज वर्मा हैं।

फिल्म का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकभाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। कहानी के माध्यम से दर्शकों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

फिल्म में अर्जुन चंद्रा, कामिनी, सुनील कुमार गुप्ता, सुमन गौड़, अजय सिंह बिष्ट, अंशिका शर्मा और संजय बडोनी ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं, फिल्म का संगीत रणजीत सिंह ने तैयार किया है, जिसमें उत्तराखंड की लोकधुनों और सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी।

फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंचकर उत्तराखंडी सिनेमा और अपनी मातृभाषा को प्रोत्साहित करें। उनका कहना है कि स्थानीय भाषा और संस्कृति पर आधारित फिल्मों को दर्शकों का सहयोग मिलेगा तो भविष्य में भी ऐसे सार्थक और गुणवत्तापूर्ण सिनेमा का निर्माण होता रहेगा।

नई टिहरी के दर्शकों के लिए ‘मार्छा’ केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोकभाषा और परंपराओं से जुड़ने का एक विशेष अवसर भी साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button