
जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं सूचना क्रांति के महानायक स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महज 40 वर्ष की आयु में प्रधानमंत्री बने राजीव गांधी जी ने अपने कार्यकाल में भारत को आधुनिक, तकनीकी और युवा राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखी। सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा, विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने के साथ उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया औरपंचायती राज को मजबूत करने तथा गांवों तक लोकतंत्र पहुंचाने की दिशा में उनके प्रयास महत्वपूर्ण रहे। कहा कि 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार युवाओं को देने का निर्णय भारतीय लोकतंत्र में ऐतिहासिक कदम था।आज का डिजिटल और तकनीकी भारत राजीव गांधी जी की दूरदृष्टि की प्रासंगिकता को दर्शाता है। उनका सपना था कि भारत 21वीं सदी में ज्ञान, विज्ञान और तकनीक के बल पर विश्व में अग्रणी बने।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुसरफ़ अली, महिला कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली, प्रधान लक्ष्मी रावत, शहर कांग्रेस के महासचिव गब्बर सिंह रावत, वीरेंदर दत्त,संतोष आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश गुनसोला, विनीता भट्ट, रीना बिजलवान, अनीता शाह, गंगा देवी, मीना पुंडीर आदि ने विचार व्यक्त किए।






