उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा की तेज रफ्तार डीसीएम से कुचलकर मौत

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस / हरदोई: मल्लावां में स्कूल जाते समय तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार 13 वर्षीय छात्रा को कुचल दिया।इस हादसे में छात्रा की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। आसपास के लोगों ने उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक डीसीएम को क्रॉसिंग के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

माधौगंज थाना क्षेत्र के परड़ा लखनपुर गांव निवासी सरोज कुमार की 13 वर्षीय पुत्री रिया पटेल मल्लावां क्षेत्र के एसडीएल वर्मा ईश्वरपुर साईं विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे वह साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। सेलापुर चौराहे के पास पहुंचते ही कन्नौज की ओर से माधौगंज की तरफ जा रही तेज रफ्तार डीसीएम ने छात्रा को टक्कर मारते हुए रौंद दिया और चालक वाहन लेकर भाग निकला।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रिया को एंबुलेंस से सीएचसी मल्लावां ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. जीतेन्द्र पटेल ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रिया तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहनें प्रतिज्ञा और वैशाली हैं। पिता सरोज कुमार खेती-किसानी करते हैं।

रिया की अचानक मौत से परिवार के साथ ही विद्यालय में भी शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रबंधक फूलचंद्र वर्मा ने छात्रा की मौत पर शोक व्यक्त किया। विद्यालय में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी और विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button