
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- बाईपास रोड पर टुकटुक में आग लगने से महिला की मौत के मामले में सितारगंज पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को आत्महत्या के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराने और घटना से पहले उसकी मदद करने में भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को सितारगंज बाईपास रोड पर टुकटुक में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को टुकटुक में सरस्वती और पवित्र सरकार के झुलसने की जानकारी मिली। दोनों को उपचार के लिए सितारगंज उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। सरस्वती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां 19 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतका के पिता दयाल चंद्र मंडल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान जितेन्द्र उर्फ बंकिम सरकार की भूमिका सामने आई।
पुलिस का कहना है कि जितेन्द्र पहले सरस्वती के साथ एक कंपनी में काम करता था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। पूछताछ में आरोपी ने सरस्वती को पसंद करने और उससे विवाह करने की इच्छा जताने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, सरस्वती पवित्र सरकार से प्रेम करती थी, जिसके कारण आरोपी दोनों को अलग करना चाहता था।
विवेचना के दौरान पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से 15 अगस्त की जितेन्द्र के साथ बातचीत की छह ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, रिकॉर्डिंग में पेट्रोल की व्यवस्था करने, बोतल में पेट्रोल भरने, लाइटर साथ रखने और मिलने संबंधी बातचीत सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने 15 अगस्त को मोटरसाइकिल से सरस्वती को सितारगंज लाया और पेट्रोल उपलब्ध कराया। इसके बाद सरस्वती पवित्र सरकार के टुकटुक में बैठी और आरोपी वहां से चला गया। बाद में उसे टुकटुक में आग लगने की जानकारी मिली।
पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर, मोबाइल में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जितेन्द्र की भूमिका सामने आने पर उसे 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। आरोपी को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जिला कारागार हल्द्वानी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पवित्र सरकार उर्फ कनैया को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। विवेचना में दोनों आरोपियों की भूमिका अलग-अलग सामने आने की बात पुलिस ने कही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र उर्फ बंकिम सरकार (27), निवासी गोकुल नगरी, बिलासपुर क्षेत्र, रामपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं विवेचक जावेद मलिक, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह कोठियाल, कांस्टेबल कृष्ण चंद्र और कांस्टेबल प्रेम कनवाल शामिल रहे।






