नेपाल में तबाही का मंजर: महराजगंज में अलर्ट, गंडक नदी की निगरानी तेज़

जन एक्सप्रेस/महाराजगंज :- नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में तिब्बत की ओर से अचानक अत्यधिक मात्रा में जलप्रवाह आने के बाद भोटेकोशी नदी में आकस्मिक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना से भारत नेपाल सीमा से सटे महाराजगंज जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। टिमुरे बाजार और आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में नुकसान की प्रारंभिक सूचना के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया। भोटेकोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के माध्यम से इस जलप्रवाह का प्रभाव निचले क्षेत्रों में पड़ने की आशंका को देखते हुए महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तहसीलों से लेकर राहत तंत्र तक अलर्ट
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ समेत अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय और निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी, नालों अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप नहीं जाने की सलाह दी गई है। जलस्तर बढ़ने अथवा प्रशासन की चेतावनी जारी होने पर तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर जाने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को भी नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की गई है।प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। स्थिति पर जिला प्रशासन द्वारा 24×7 निगरानी रखी जा रही है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क:
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), महाराजगंज से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 05523-222162, 1077 (आपदा हेल्पलाइन), 9628819145 और 9621333537 पर संपर्क कर आवश्यक सूचना अथवा सहायता प्राप्त की जा सकती है।






