उत्तर प्रदेशचित्रकूटटॉप न्यूज़

सवा करोड़ की सड़क निकली सवा रुपया की भी नहीं!

डेढ़ साल में उखड़ गई विधायक निधि से बनी सड़क, जगह-जगह गड्ढे, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जन एक्सप्रेस चित्रकूट,पहाडी: घोटाले की मिट्टी में बिछी सड़क, भ्रष्टाचार की पक्की गवाही! गांव अरछा बरेठी में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई लोखरिया पुरवा रोड महज डेढ़ साल में दम तोड़ चुकी है। 1.050 किलोमीटर लंबी यह सड़क 80 लाख 86 हजार रुपये की लागत से बनी थी, लेकिन आज उसकी हालत किसी खंडहर से कम नहीं है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, सड़क का उखड़ा डामर और बीच से फटी पटरी – यह सब घटिया निर्माण कार्य की साफ-साफ पोल खोल रहे हैं।

यह सड़क तत्कालीन राज्य मंत्री और सदर विधायक चंदिका प्रसाद उपाध्याय की सिफारिश पर बनी थी और इसका लोकार्पण उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने 16 सितंबर 2023 को किया था। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि यह सड़क मात्र कुछ महीनों में ही अपनी असली औकात पर आ गई।

ठेकेदार घनश्याम पर सवालों के घेरे में निर्माण कार्य
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में जमकर लापरवाही और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। गांव के शिवप्रकाश पांडेय, राममूरत पांडेय, ओमप्रकाश, विनय, पिंटू, शिवमूरत, राजेंद्र सहित कई लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए जांच और सड़क मरम्मत की मांग की है।

ग्रामीण बोले – ये विकास नहीं, ‘भ्रष्टाचार का बुलेटिन’ है!

गांववालों का कहना है कि सड़क बनने के कुछ महीनों बाद ही उस पर चलना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब तो हालात यह हैं कि वाहन चलाना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। उनका कहना है कि अगर इस पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button