5.62 करोड़ से बना आरसेटी का भवन, ग्रामीण युवाओं को मिली बड़ी सौगात
कंप्यूटर लैब, वर्कशॉप और डॉरमेट्री की सुविधा; 70 प्रशिक्षार्थियों के लिए निशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था

जिला संवाददाता – नरेंद्र रावत
जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग : ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) रुद्रप्रयाग को अपना भवन मिल गया है। करीब 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए भवन में प्रशिक्षार्थियों को आधुनिक और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संस्थान में प्रशिक्षण के साथ ही रहने, भोजन और व्यावहारिक प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था होने से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले युवाओं और महिलाओं को विशेष लाभ मिल रहा है।
नवनिर्मित भवन में कंप्यूटर लैब, वर्कशॉप, दो डॉरमेट्री हॉल, किचन और उच्च स्तरीय कक्षाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। करीब 70 प्रशिक्षार्थियों के लिए निशुल्क रहने, भोजन और पेयजल की सुविधा दी जा रही है। इससे प्रशिक्षण लेने वाले प्रतिभागियों को आवास और भोजन की चिंता से मुक्त होकर प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिल रहा है।






