5100 दीपों से जगमगाया अजगरा का पौराणिक सरोवर
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया दीप प्रज्वलन, ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प का दिया संदेश

जन एक्सप्रेस, प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद में ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम सात बजे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों और आमजन ने अपने घरों के साथ-साथ विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अजगरा स्थित पौराणिक यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल का सरोवर रहा। यहां आयोजित विशेष दीपोत्सव में विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किए। देखते ही देखते सरोवर परिसर करीब 5100 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
दीपों की कतारों से सजा पौराणिक सरोवर आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया। लोगों ने दीप जलाकर सामूहिक रूप से ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। मां बेल्हा देवी धाम, डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, चिलबिला रेलवे स्टेशन, मां बाराही देवी धाम, कम्पनी गार्डेन, खुयलन धाम, मानिकपुर गंगा घाट, बाबा घुइसरनाथ धाम तथा रामगंज नगर पंचायत कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर लोगों ने दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
दीपोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की आकर्षक छटा देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा और विकास के प्रति आभार के साथ ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा।






