CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशी

72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /काशीपुर :-  धनौरी पट्टी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। काशीपुर पुलिस ने डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक और मृतका का मोबाइल व बैग बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वारदात का खुलासा करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सीडीआर और मोबाइल लोकेशन के विश्लेषण से हुआ।

20 अगस्त की सुबह रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी में सड़क किनारे युवती का शव मिला था। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीमों को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के घर से घटनास्थल तक के संभावित रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले डंपर को संदिग्ध पाया गया। तकनीकी जांच के आधार पर डंपर संख्या यूके15सीए-1437 तक पुलिस पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, वाहन की जांच में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी मौजूद था। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवती को डंपर में बैठाया था। सुनसान स्थान पर राजू ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवती ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसी दौरान युवती द्वारा हाथ में काटने पर आरोपी ने डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों शव को सड़क किनारे फेंककर क्रेशर की ओर चले गए।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतका का मोबाइल फोन रास्ते में रख दिया था। हालांकि सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन समेत तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

23 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर कब्जे में लिया गया। उनकी निशानदेही पर डंपर से लोहे का हुक, मृतका का बैग, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू (39) निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई और सुमित (19) निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर के रूप में हुई है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की तकनीकी जांच और सतर्कता से कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button