उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंलखनऊ

कफ सिरप घोटाले पर ईडी का बड़ा शिकंजा: तीन राज्यों में तड़के छापेमारी

लखनऊ से रांची तक ईडी की बड़ी कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: कफ सिरप प्रकरण में गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ा शिकंजा कसते हुए उत्तर प्रदेश, गुजरात और झारखंड में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई तड़के सुबह शुरू हुई, जिसमें लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, अहमदाबाद और रांची शामिल रहे। ईडी की इस समन्वित कार्रवाई ने स्थानीय प्रशासन से लेकर संदिग्ध नेटवर्क तक में हड़कंप मचा दिया।

सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीमों ने कई स्थानों पर सील बंद कमरों में दस्तावेज, डिजिटल डेटा और आर्थिक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। जांच एजेंसी का मानना है कि यही वह नेटवर्क है, जिसके जरिए लंबे समय से अवैध कफ सिरप की आपूर्ति और फंडिंग चैन संचालित हो रहा था। ईडी अब इस पूरे सिस्टम में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल को खंगाल रही है। लखनऊ में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह के ठिकानों पर भी छापेमारी की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि उसके कुछ संदिग्ध लेन-देन और संपर्कों को लेकर ईडी को महत्वपूर्ण इनपुट मिले थे। टीम ने कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनकी जांच जारी है।

कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला अब एक बड़े आर्थिक घोटाले का रूप ले चुका है। उनका कहना है कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली हो, अवैध नेटवर्क में सबकुछ ‘सेट’ करना संभव नहीं—कहीं न कहीं एक कड़ी छूट ही जाती है, जो बाद में पूरी जांच का आधार बन जाती है। ईडी की ताजा कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिल चुके हैं कि इस नेटवर्क की परतें अब तेजी से खुलने वाली हैं और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासों की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button