डीसी मनरेगा ने कार्यो में लापरवाही पर बीडीओ को दिया कड़ा निर्देश

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले में शुक्रवार को उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष कुमार सिंह द्वारा आसपुर देवसरा विकासखण्ड का औचक निरीक्षण किया गया तथा मनरेगा स्टाफ के साथ बैठक कर मनरेगा योजना की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान श्रमिक नियोजन, कार्यपूर्णता, मनरेगा श्रमिकों की ई-केवाईसी एवं मनरेगा श्रमिकों के ससमय भुगतान में संतोषजनक प्रगति न पाये जाने पर खण्ड विकास अधिकारी आसपुर देवसरा धर्मेन्द्र सिंह को सख्त निर्देश देते हुये एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित कराये जाने हेतु कहा गया। बैठक के पश्चात विकास खण्ड आसपुर देवसरा में संचालित अस्थायी गौआश्रय स्थल उमरडीहा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी आसपुर देवसरा द्वारा अवगत कराया गया कि गौआश्रय स्थल में कुल 266 गौवंश संरक्षित है जिसमें 154 नर एवं 112 मादा है। गौशाला में बना सिकवार्ड मानक के अनुरूप नही बनाया गया है। गौआश्रय स्थल पर विद्युत न होने पर किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था नही की गयी है। गौआश्रय स्थल पर पायी गयी कमियों के सन्दर्भ में खण्ड विकास अधिकारी आसपुर देवसरा को निर्देशित किया गया कि तीन दिवस के भीतर प्राथमिकता के आधार कमियों का निराकरण कराने के साथ-साथ ठण्ड के मौसम के दृष्टिगत शेडों को मजबूत त्रिपाल से ढकने व अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये तथा गौआश्रय स्थल पर विद्युत आपूर्ति न होने की दशा में सोलर अथवा इन्वर्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करायी गयी है। गौआश्रय स्थल की नियमित साफ-सफाई कराये जाने के निर्देश भी खण्ड विकास अधिकारी आसपुर देवसरा को दिये गये।






