
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी:राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी में वर्षों से लंबित ड्रेस कोड परिवर्तन की प्रक्रिया को अब शासनादेश के अनुरूप लागू किए जाने की दिशा में निर्णायक पहल की गई है। यह मांग कोई नई नहीं है, बल्कि छात्रों द्वारा लंबे समय से लगातार उठाई जाती रही एक वैध और जायज़ मांग है, जिसे अब और टालना स्वीकार्य नहीं होगा।आज छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, सचिव शुभम् चमोली एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनीता कोहली को ड्रेस कोड परिवर्तन के संबंध में स्पष्ट, लिखित एवं ठोस ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विषय पर गंभीर चर्चा भी की गई।
वर्षों से उठती रही है ड्रेस कोड परिवर्तन की मांग
ॐ छात्र संगठन बीते कई वर्षों से इस मुद्दे को लगातार उठाता रहा है। अनेक बार पत्राचार, अनुरोध एवं वार्ताएं की गईं, किंतु इसके बावजूद पुराने ड्रेस कोड का पालन लगभग समाप्त हो चुका है। इससे महाविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा और अनुशासन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में अब निर्णय टालने का कोई औचित्य नहीं बचता।
नए विद्यार्थियों पर लागू होगा नया ड्रेस कोड
छात्रसंघ ने स्पष्ट किया है कि नया ड्रेस कोड आगामी शैक्षणिक सत्र से नई कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगा।
वहीं, पूर्व से अध्ययनरत छात्र–छात्राएं अपने वर्तमान ड्रेस कोड का उपयोग जारी रख सकेंगे। ड्रेस कोड लागू करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण रूप से अमल में लाने की मांग की गई है।
आईटी लैब को लेकर सख्त चेतावनी
महाविद्यालय में स्थापित आईटी लैब वर्षों से छात्रों के लिए अनुपयोगी बनी हुई है, जिसे छात्रसंघ ने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। छात्रसंघ ने स्पष्ट मांग की है कि 1 जनवरी को आईटी लैब का विधिवत शुभारंभ सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा छात्रसंघ छात्रों के हित में स्वयं आईटी लैब को खुलवाने हेतु बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
छात्र हितों की धनराशि पर उठे सवाल
छात्रसंघ ने यह भी मांग की कि वर्तमान सत्र में प्राप्त समस्त मदवार धनराशि को 31 मार्च से पूर्व छात्र हितों में खर्च किया जाए। छात्र हित की राशि को रोकना या इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।छात्रसंघ ने दो टूक शब्दों में कहा कि छात्रों के अधिकार, सुविधाएं और गरिमा किसी फाइल में दबने के लिए नहीं हैं। यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रसंघ आंदोलनात्मक रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगा।इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, सचिव शुभम् चमोली, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट, ॐ छात्र संगठन उत्तरकाशी के संस्थापक अमरीकन पुरी, छात्र नेता अमित शाह, मनीष एवं छात्र नेत्री भूमिका सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।






