उत्तर प्रदेशलखनऊ

मकर संक्रांति के बाद सपा संगठन में महाभूकंप

जिलाध्यक्षों से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय कमेटी तक होंगे बड़े बदलाव

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।समाजवादी पार्टी मकर संक्रांति के बाद अपने संगठन में बड़े पैमाने पर सर्जरी करने जा रही है। जिलाध्यक्षों के बदलाव से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक फेरबदल की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और टिकट वितरण को लेकर आक्रामक रणनीति पर काम कर रहे हैं।
टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू, एक-तिहाई सीटों पर नाम तय
पार्टी के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, एक-तिहाई से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों को मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित सभी चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसे टिकट फाइनल करने की शुरुआती प्रक्रिया माना जा रहा है, ताकि प्रत्याशियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
जातीय संतुलन साधने के लिए अलग रणनीति
एक ही जिले में सभी प्रमुख जातियों को टिकट देना संभव नहीं होने के कारण सपा ने नया फार्मूला तैयार किया है। इसके तहत कुछ जातियों को चुनावी टिकट दिए जाएंगे, जबकि अन्य प्रभावशाली जातियों के नेताओं को संगठन में अहम पद सौंपे जाएंगे। मकर संक्रांति के बाद प्रदेश और राष्ट्रीय कमेटियों में इन वर्गों को प्रतिनिधित्व मिलेगा।
जिन जिलों में टिकट, वहां संगठन में अन्य जातियों को तरजीह
सूत्रों के अनुसार, जिन जिलों में किसी खास जाति के नेता को टिकट देने की योजना है, वहां संगठनात्मक पदों पर अन्य जातियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे सामाजिक संतुलन साधने के साथ-साथ पार्टी का जनाधार भी मजबूत किया जाएगा।
निष्क्रिय जिलाध्यक्षों की होगी छुट्टी
एसआईआर और अन्य पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका न निभाने वाले जिलाध्यक्षों को हटाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व संगठन में निष्क्रियता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
मकर संक्रांति के बाद दिखेगा बदला हुआ संगठन
सपा के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मकर संक्रांति के बाद पार्टी संगठन में आमूल-चूल बदलाव साफ नजर आएगा। यह बदलाव सिर्फ चेहरे नहीं, बल्कि पूरी चुनावी रणनीति को नई धार देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button