उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान पर सख्त प्रशासन, डीसीसी में डीएम का औचक निरीक्षण

अभिलेख सत्यापन कार्यों की डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र ने की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल सेंटर (डीसीसी) में अभिलेख सत्यापन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियान के अंतर्गत चल रही सत्यापन प्रक्रिया, कार्यप्रणाली तथा आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से सत्यापन से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि विभिन्न जनपदों एवं अन्य प्रदेशों से प्राप्त मतदाता सत्यापन से जुड़े पत्रों और आवेदनों का किस प्रकार निस्तारण किया जा रहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है।

डॉ. दिनेश चन्द्र ने बताया कि अभियान के तहत उन मतदाताओं के अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है, जो जौनपुर जनपद के मूल निवासी हैं लेकिन वर्तमान समय में अन्य जनपदों या प्रदेशों में निवास कर रहे हैं। ऐसे मतदाताओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं पूरी तरह शुद्ध प्रक्रिया के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची की विश्वसनीयता बनी रहे।

उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पंचायत राज विभाग, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के साथ-साथ तहसील स्तर के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लगाए गए हैं। सभी विभागों के समन्वय से प्राप्त प्रमाण पत्रों और अभिलेखों की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन अभिलेखों का सत्यापन ऑनलाइन माध्यम से संभव है, उन्हें अनिवार्य रूप से ऑनलाइन विधि से ही सत्यापित किया जाए। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए और बिना समुचित जांच के किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए।

डॉ. दिनेश चन्द्र ने सख्त शब्दों में कहा कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों, मानकों एवं समय-सीमा का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी दोहराया कि मतदाता सूची की शुद्धता, निष्पक्षता और पारदर्शिता शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यही है कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हो और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा सहित डीसीसी में तैनात अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि अभियान को समय से और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button