:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में जनपद स्तरीय पाक-कला प्रतियोगिता, संतरा देवी प्रथम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर डायट परिसर में सोमवार को आयोजित जनपद स्तरीय पाक-कला प्रतियोगिता में जिले भर से आई 30 रसोइयों ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता और पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में रोटी और सब्जी के निर्धारित मेन्यू को प्रतिभागियों ने अपने-अपने अंदाज में स्वादिष्ट रूप दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

संतरा देवी प्रथम, निर्णायक मंडल द्वारा स्वाद, स्वच्छता, पोषण और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रथम पुरस्कार: संतरा देवी, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरैनी, शाहगंज द्वितीय पुरस्कार: मीना गौड़, इंग्लिश मीडियम प्रा.वि. चकताली, सिरकोनी तृतीय पुरस्कार: निशा देवी, कम्पोजिट विद्यालय आदर्श केराकत, जौनपुर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को क्रमशः ₹3500, ₹2500 और ₹1500 नकद पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अन्य 27 प्रतिभागियों को ₹300 का सांत्वना पुरस्कार तथा सभी रसोइयों को ₹300 मार्ग व्यय दिया गया। फर्म गहना कोठी प्रतिष्ठान के श्री विनीत सेठ द्वारा सभी 30 रसोइयों को एक-एक साड़ी भेंट की गई।

पोषण और संस्कार पर जोर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ भोजन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने रसोइयों से हरी साग-सब्जियों के साथ सहजन, नींबू, करौंदा और आंवला जैसे आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर खाद्य पदार्थों के उपयोग पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे बच्चों के पोषण और संस्कार दोनों से जुड़ी हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने रसोइयों को “बेसिक शिक्षा विभाग के पोषण की जननी” बताते हुए उनके परिश्रम की सराहना की।

विशेषज्ञों ने किया मूल्यांकन

प्रतियोगिता में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल, जीजीआईसी जौनपुर की प्रधानाचार्या मंजूलता कुमारी वर्मा, टीडी कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. श्वेता सिंह, सीएचसी शाहगंज से डॉ. नीतू शुक्ला, होटल रघुवंशी के चीफ शेफ विजय उपाध्याय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने निर्णायक मंडल में भाग लिया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ०गोरखनाथ पटेल ने मध्यान्ह भोजन योजना के उद्देश्य और रसोइयों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।

वहीं समन्वयक एमडीएम अरुण कुमार मौर्य ने स्वच्छता के साथ भोजन पकाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन दीपा शुक्ला, प्रियंका मिश्रा और ज्योति श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। अंत में जिला समन्वयक एमडीएम द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button