जौनपुर: KGBV छात्राओं की एक्सपोज़र विजिट को डीएम ने दिखाई हरी झंडी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर शासन के निर्देशों के क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) की छात्राओं के लिए आयोजित एक्सपोज़र विजिट कार्यक्रम के तहत आज बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि एक्सपोज़र विजिट का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है, जिससे उनके ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान छात्राओं की सुरक्षा और समुचित व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
यात्रा के दौरान प्रत्येक बस में एक महिला पुलिसकर्मी, एक दरोगा तथा एक महिला शिक्षिका की तैनाती की गई है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई है और सभी वाहनों की फिटनेस जांच कर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्राएं वाराणसी स्थित विभिन्न शैक्षणिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगी और तय समय पर वापस लौटेंगी। जिलाधिकारी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बालिकाओं को नई दिशा और प्रेरणा देते हैं, जिससे वे भविष्य में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित होती हैं। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ०गोरखनाथ पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






