अपराधउत्तर प्रदेशबहराइच

सुने घर से चोरों ने उड़ाए 18 लाख से अधिक के जेवर व पौने दो लाख की नगदी

पीड़ित ने कोतवाली देहात पुलिस को दी तहरीर, जांच शुरु

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बहराइच। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अन्तर्गत मोहल्ला रायपुरराजा केडिया हॉस्पिटल के सामने से चोरों ने सूना घर पाकर मकान मालिक व किरायेदार दोनो के घरों का ताला तोड़कर 18 लाख से अधिक मूल्य के जेवर तथा पौने दो लाख रूपये से अधिक की नगदी पर हाथ साफ किया। घटना की सूचना घर में पूजा करने वाली महिला ने पीड़ित को दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की प्राथमिकी दर्ज करने तथा चोरी गये माल की बरामदगी करने के साथ वांछित चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पीड़ित अम्बुज सिंह ने बताया कि उनका घर मोहल्ला रायपुरराजा स्थित केडिया हॉस्पिटल के सामने है। 25 अगस्त की शाम वह अपने बेटे का एडमिशन कराने परिवार समेत दिल्ली गये थे। उस समय घर पर उनके किरायेदार आनन्द गुप्ता थे। 26 अगस्त को आनन्द गुप्ता अपने घर राबर्ट्सगंज चले गये। पीड़ित ने बताया कि जाते समय उन्होंने अपने घर काम करने वाली रीना को छुट्टी दे दी थी, जबकि एक परिचित महिला मीना को पूजा इत्यादि करने के लिए पूजा घर की चाभी दे दी थी। अन्य कमरों में ताले लगे थे। 29 अगस्त की सुबह मीना ने पड़ोसी के फोन से चोरी के घटना की सूचना दी।

पीड़ित ने बहराइच आकर पता किया तो मालूम हुआ कि चोरों ने उनके तीन कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने 28/29 अगस्त की रात सोने के 37 अदद जेवर वजन लगभग 344 ग्राम, चांदी के 29 सिक्के, 30 अदद चांदी के जेवर वजन लगभग 750 ग्राम तथा 1 लाख 35 हजार नगद चोरी कर लिये। इसके साथ ही किरायेदार आनन्द गुप्ता के कमरे में रखी लोहे की अलमारी से 42 हजार रूपये नगद निकालकर छत के रास्ते भाग गये। पीड़ित ने पुलिस को सूचित कर मामले की त्वरित कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button