तेज रफ्तार का कहर: बिहार से दिल्ली जा रही बस कंटेनर में घुसी, 40 यात्रियों की जान जोखिम में
लखनऊ आउटर रिंग रोड पर भीषण हादसा, ड्राइवर केबिन में फंसा; दमकल ने काटकर बाहर निकाला

जन एक्सप्रेस /लखनऊ: सोमवार सुबह तड़के राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में आउटर रिंग रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस उदतखेड़ा अंडरपास के पास आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चालक केबिन में फंसा, दमकल की टीम ने घंटे भर की मशक्कत के बाद निकाला बाहर
हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक नफीस केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर काकोरी पुलिस और आलमबाग फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। फायर ऑफिसर डीपी सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकल कर्मियों ने कटिंग टूल्स से बस की बॉडी काटी और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
40 यात्री बाल-बाल बचे, ड्राइवर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
बस में सवार यात्रियों में से किसी को गंभीर चोट नहीं आई, परंतु हादसे की भयावहता से वे दहशत में हैं। घायल चालक नफीस को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, पुलिस कर रही जांच
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन की ब्रेकिंग सिस्टम तथा ड्राइवर की स्थिति की भी जांच की जा रही है।






