बाराबंकी

हजारों की संख्या में भक्तों की मौजूदगी में निकाली गई भव्य शोभायात्रा

बाराबंकी । रामनगर कस्बे में भगवान श्री कृष्ण की छठी पर श्री राम जानकी पंचायती मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की समेत भगवान श्री कृष्ण के जय घोष के साथ बैंड बाजों व डीजे की आवाज के साथ नाचते गाते युवा शोभा यात्रा में चार चांद लगा रहे थे। पालकी में सजे भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन करने को कस्बे वाले आतुर दिखे। इस शोभायात्रा की शोभा देखते बन रही थी। रविवार को भगवान श्री कृष्ण का डोल सुबह 10 बजे से राम जानकी पंचायती मंदिर से निकलकर कस्बे की सभी गलियाें में घुमाया गया। हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की व जगह-जगह घूमे मदन गोपाल के जय घोष से पूरा वातावरण भक्ति मय हो रहा था।

गाजे बाजे भजन मंडली व डीजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे भगवान स्वयं दर्शन दे रहे हों। भारी लाव लश्कर के साथ कृष्णडोल पूरे कस्बे के प्रत्येक गलियों में घुमाया गया। विगत कई वर्षों से इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग उमड़ रहे हैं। कस्बे के लोग अपनी दुकानें बंद कर इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। यही नहीं जगह-जगह व्यापारियों द्वारा प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जा रहा था। भगवान श्री कृष्ण की झांकी का पूरे कस्बे में हर घर पर देर रात तक स्वागत हुआ। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई श्रीकृष्ण शोभा यात्रा में सुरक्षा की कमान स्वयं थाना प्रभारी रत्नेश कुमार पांडे भारी पुलिस बल के साथ संभाले हुए थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button