उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्र की मौत, प्रवेश पत्र लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा

जन एक्सप्रेस/शाहगंज: जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई। जौनपुर मुख्य मार्ग स्थित अक्खन सराय गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहगंज क्षेत्र के सबरहद गांव निवासी 15 वर्षीय आशुतोष भारती पुत्र केशव प्रसाद सेंट थॉमस इंटर कॉलेज, शाहगंज का हाईस्कूल छात्र था। बुधवार सुबह वह बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र लेने कॉलेज गया था। प्रवेश पत्र प्राप्त करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान जौनपुर मुख्य मार्ग पर अक्खन सराय गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ट्रेलर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया।

सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि बिना परिजनों के पहुंचने से पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने पर कुछ ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सबरहद पुलिस चौकी पर हंगामा भी किया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button