रिश्वत की रकम के साथ ग्रेटर नोएडा में GST अफसर रंगेहाथ गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस / ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां राज्य कर विभाग (GST) के प्रशासनिक अधिकारी सत्येंद्र बहादुर सिंह को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-148 स्थित राज्यकर कार्यालय से पकड़ा गया आरोपी अधिकारी खंड 13 में डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय में तैनात था और एक व्यापारी से लंबे समय से पैसे की मांग कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, सत्येंद्र बहादुर सिंह ने व्यापारी पर रिटर्न से जुड़े दस्तावेजों में अड़ंगा डालने की धमकी देकर 45,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। व्यापारी ने मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद प्लानिंग के तहत टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
इस गिरफ्तारी से विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है। आम जनता और व्यापारी वर्ग पहले ही टैक्स प्रक्रिया की जटिलताओं से परेशान हैं, ऐसे में भ्रष्ट अधिकारी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर चोट कर रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या इस कार्रवाई से सिस्टम में कुछ सुधार आएगा या फिर एक और नाम जुड़ जाएगा भ्रष्टाचारियों की लंबी सूची में।






