Politicsउत्तर प्रदेशपीलीभीत

समाजवादी पार्टी कार्यालय खाली कराने पहुंची प्रशासनिक टीम

ड्रोन से निगरानी, भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात, नगर पालिका कर्मचारियों ने शुरू की कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत : नगर पालिका द्वारा जारी नोटिस की मियाद पूरी होते ही मंगलवार सुबह शहर के नकटा दाना चौराहे स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय को खाली कराने के लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। नगर पालिका की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, वहीं सिटी मजिस्ट्रेट विजय प्रथम तोमर भी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान ड्रोन कैमरों के जरिए इलाके की निगरानी की जा रही है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवासीय परिसर में संचालित हो रहे सपा कार्यालय को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने 6 जून को नोटिस जारी किया था। नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि 10 जून को कार्यालय को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। निर्धारित समयसीमा पूरी होते ही कार्रवाई शुरू की गई।

इधर, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह उर्फ जग्गा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में डटे रहे और इसे असंवैधानिक कार्रवाई बताया। जगदेव सिंह ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर यह कहते हुए मोहलत की मांग की कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

कार्रवाई के दौरान समाजवादी पार्टी के लगभग 200 से 300 कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने शहर के पांच थानों की फोर्स, पीएसी, नगर पालिका के 50-60 कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी मौके पर तैनात कर दिया।

इसी बीच सपा कार्यकर्ताओं और नगर पालिका कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए ड्रोन से लगातार निगरानी बनाए रखी है और पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा गया है।

फिलहाल सपा कार्यालय को खाली कराने की कार्रवाई जारी है, वहीं सपा कार्यकर्ता मौके पर डटे हुए हैं। स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों की निगरानी में कार्यवाही को अंजाम दिया जा रहा है। भारी पुलिस फोर्स के साथ सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, सिटी मजिस्ट्रेट सहित तमाम पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button