utrakhandटॉप न्यूज़

नई टिहरी: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, “राहवीर योजना” के तहत अनंत राम अन्थवाल सम्मानित

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

जन एक्सप्रेस उत्तराखंड

नई टिहरी। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और मानसून से पहले सड़क सुरक्षा तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान “राहवीर योजना” के अंतर्गत घनसाली क्षेत्र के निवासी अनंत राम अन्थवाल को सम्मानित किया गया। बताया गया कि 17 मई को घनसाली क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रदीप को अनंत राम अन्थवाल ने बिना देरी किए अपने निजी वाहन से पिलखी अस्पताल पहुंचाया। उनकी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित किया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने जानकारी दी कि “राहवीर योजना” के तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की तत्काल सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि और सम्मान दिया जाता है। योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मदद उपलब्ध कराना और लोगों को मानवीय सहायता के लिए प्रेरित करना है।

बैठक में जिलाधिकारी ने ब्रह्मानंद मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, उपजिलाधिकारी और परिवहन विभाग को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने और जल्द प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जनपद में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस, परिवहन विभाग और प्रशासन को संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण और अनुरक्षण से जुड़ी सभी एजेंसियों को आवश्यक मशीनरी, मानव संसाधन और उपकरण पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और सड़कों को सुरक्षित एवं सुचारु यातायात योग्य बनाए रखने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की यथासंभव मदद करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था में अपना सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button