जिलाधिकारी के निरीक्षण से पहले व्यवस्थाएं हो रही दुरुस्त
मेला परिसर पहुंचे एडीएम ने व्यवस्थाओं के दुरुस्तीकरण के दिए थे निर्देश

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
रामनगर-बाराबंकी। लोधेश्वर महादेवा में व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिला अधिकारी अविनाश कुमार शुक्रवार को मेला परिसर का निरिक्षण करने पहुंच रहे है। जिसको लेकर अधिकारी व कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। बता दें कि महादेवा में चल रहे श्रावणी मेले में फैली अव्यवस्थाओं पर गुरुवार को यहां पहुंचे अपर जिला अधिकारी अरुण सिंह ने संबंधित मातहतों को फटकार लगाई थी। और निर्देशित किया था कि मंदिर के मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग के अंदर तथा पूरे परिसर में जलभराव को तत्काल खत्म किया जाए। जिसके बाद शुक्रवार को होने वाले जिला अधिकारी अविनाश कुमार के निरीक्षण से पहले मेला परिसर में फैली अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में अधिकारी कर्मचारी लगे हुए है, लेकिन महादेवा मुख्य मार्ग पर मंदिर के गेट से पहले दाहिनी तरफ पानी भरा हुआ है।

चित्र परिचय: महादेवा मुख्य मार्ग पर मंदिर के गेट से पहले दाहिनी तरफ भरा हुआ पानी
यहां आने जाने वाले लोगों सहित दुकानदारों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी के निरीक्षण को देखते हुए अधिकारी व कर्मचारी मेले में फैली अव्यवस्थाओं को सुधारने में जुटे रहे।
मेला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे, हैंडपंप सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। यूं तो यहां आम दिनों में बाबा के दर्शन को सैकड़ों की भीड़ उमड़ती होती है। लेकिन सोमवार के दिन का नजारा यहां कुछ अलग ही होता है। भगवान भोलेनाथ को पूरी है इस दिन पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय सहित दूरदराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालु बम-बम, हर-हर के जयघोषों के साथ जल अर्पित करते है। लोगों का मानना है कि लोधेश्वर महादेव इतने सरल हैं कि इनसे मांगी मुराद बहुत जल्द पूरी हो जाती है।






