अयोध्या

दीपोत्सव पर अलौकिक आभा की अनुभूति करा रही अयोध्या

अयोध्या । अष्टम दीपोत्सव के अवसर पर प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या अद्भुत व अलौकिक आभा की अनुभूति करा रही है। दीपोत्सव के लिए अयोध्या सज चुकी है। आज संपूर्ण अयोध्या उल्लासित है। यहां का जन- मन प्रफुल्लित है। दीपोत्सव पर अयोध्या को भव्य तरीके से विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों का उपयोग कर सजाया गया है।

श्री राम जन्मभूमि स्थल पर मंदिर निर्माण के बाद यह पहला अवसर है जब दीपोत्सव हो रहा है। स्वयंसेवक कार्यकर्ता दीपों को सजाने में लगे हैं। वहीं दीपोत्सव का साक्षी बनने के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन व अन्य मंदिरों में आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। अष्टम दीपोत्सव के अवसर पर राम की पैढी व नया घाट पर 25 लाख दीप जलाए जाएंगे। वहीं 10 लाख से अधिक दीप अयोध्या के अन्य स्थानों पर जलेंगे। अयोध्या के सभी मंदिरों में भी दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। श्री राम जन्म भूमि मंदिर सहित संपूर्ण राम मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है। इसके अलावा रामायण कालीन दिव्य व मनोहारी झांकियां सबको आकर्षित कर रही है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री प्रभु श्रीराम का करेंगे स्वागत

राम कथा पार्क में कार्यक्रम के लिए मंच बनाकर तैयार है। मंच के सामने साधु संतों को बैठने की व्यवस्था की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम कथा पार्क में ही भगवान राम, माता सीता व लक्ष्मण का स्वागत करेंगे। इसके बाद भगवान श्री राम का राज्याभिषेक कार्यक्रम संपन्न होगा। इस बार 1100 साधु संत सरयू की महा आरती भी करेंगे। दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रोफेसर संत शरण मिश्र ने बुधवार काे बताया कि दीपोत्सव की तैयारी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button