
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: अमर शहीद श्री देव सुमन के बलिदान दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज कंडारी, नौगांव (उत्तरकाशी) में श्रद्धांजलि सभा के साथ विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में ‘बाल गंगा प्रहरी कॉर्नर’ की स्थापना की गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नदी संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में भाग लेकर श्री देव सुमन के संघर्ष, त्याग और आदर्शों को याद किया। साथ ही विद्यालय की बाल दीवार पत्रिका “फुल्यारी” का भी शुभारंभ किया गया।
नदी संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
‘बाल गंगा प्रहरी कॉर्नर’ की स्थापना वन्यजीव संस्थान भारत (WII), देहरादून और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के संयुक्त कार्यक्रम के अंतर्गत की गई है, जिसे जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार का वित्तीय सहयोग प्राप्त है।
कार्यक्रम में गंगा, यमुना और उनकी सहायक नदियों की जैव विविधता संरक्षण पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नदियाँ केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र की जीवनरेखा हैं।
विद्यालय में स्थापित कॉर्नर में इंटरएक्टिव पैनल, विभिन्न जलीय जीवों के कटआउट और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि विद्यार्थी सरल और रोचक तरीके से नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
पौधारोपण और बीज बम अभियान में लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पौधारोपण, बीज बम अभियान और जल स्रोत स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों अंशुल, शिवन्या, श्रुति, शिवांश, प्रिया, किशन, सिमरन, अंशिका, ऋषभ, साक्षी, आरुष, आरुषि और रिया को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संयोजक एवं बाल गंगा प्रहरी समन्वयक सुरक्षा रावत ने विद्यार्थियों के सराहनीय कार्यों की जानकारी साझा की।
हर शनिवार चलेंगी पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश रावत ने बताया कि अब प्रत्येक शनिवार बाल गंगा प्रहरी कॉर्नर के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता और जैव विविधता से जुड़ी नियमित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम का संचालन अनिल बहुगुणा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक इंद्र सिंह, नितेश चौहान, दीपिका जैन, रादेश सिंह, कुसुम रावत, अनीता नौटियाल, प्रकाश भंडारी, सुरक्षा रावत, श्रीप्रकाश, राजेश शोखटा, पूजा चौहान और कुलभूषण गौड़ सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। वहीं वन्यजीव संस्थान भारत, देहरादून के शोधकर्ता आश्मिका अग्रवाल, एस. के. पाल और दानिश कलीम ने विद्यार्थियों से संवाद कर नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।






