नशा मुक्ति पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित हुई साइकिल रैली
नशे के खिलाफ जनजागरूकता का पहिया चला, लखनऊ में निकली एएनटीएफ की साइकिल रैली

जन एक्सप्रेस/लखनऊ : नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एएनटीएफ मुख्यालय, लखनऊ द्वारा दिनांक 14 जून 2025 को एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली बड़ा इमामबाड़ा से शुरू होकर चरक मेडिकल चौराहा, केजीएमयू मेडिकल कॉलेज चौराहा, केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और टीले वाली मस्जिद होते हुए पुनः इमामबाड़ा के पास सम्पन्न हुई।
इस रैली का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ के निर्देशन में किया गया, जिसमें एएनटीएफ मुख्यालय एवं लखनऊ यूनिट के कर्मियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान हैंडबिल वितरित कर नशे से होने वाले मानसिक, शारीरिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई।
गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा 12 जून से 26 जून तक ‘नशा मुक्ति जन जागरूकता पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा राज्यव्यापी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके अंतर्गत यह रैली आयोजित की गई। पुलिस महानिदेशक का कहना है कि “इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि समाज को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सके।”






